फतेहपुर। शादी में गए परिवार के घर का ताला तोड़कर सोमवार रात चोरों ने 70 हजार रुपये नकद समेत तीन लाख का माल पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर नई बस्ती निवासी सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह गाजीपुर थाना क्षेत्र के बनकटा गांव परिवार समेत शादी में गए थे। शादी से लौटकर रात को परिवार के साथ बिलंदा बाग में बने कमरे में ही रूक गए।
पड़ोसी ने मंगलवार सुबह मेन गेट का ताला टूटा होने की खबर दी। घर पहुंचकर देखा तो गेट और सारे दरवाजों में लगे ताले टूटे पड़े थे। कमरे में सारा सामान बिखरा था। चोर अलमारी का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर, कई कागजात चुरा ले गए हैं। पीड़ित ने बताया कि करीब तीन लाख का माल चोर चुरा ले गए हैं। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।