फतेहपुर। चोरों ने फौजी के घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख का माल पार कर दिया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मनोहर नगर कॉशीराम कालोनी निवासी विमल मिश्रा फौज में हवलदार हैं। उनकी बेटी वंदना ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर घर में ताला लगाकर गांव चली गई थी। गांव से गुरुवार को घर लौटकर आई। तभी दरवाजे की कुंडी टूटी देखकर होश उड़ गए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर तोड़कर दो सोने की अंगूठी, सोने की दो चेन, कोचिंग की फीस के 60 हजार रुपये, लैपटॉप व अन्य कागजात चोरी हो गए। छानबीन करने जेल चौकी इंचार्ज अरुण यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद वंदना ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।