फतेहपुर। शहर के आईटीआई रोड स्थित एक नर्सिंग होम में शनिवार को इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। गलत इलाज किए जाने का आरोप लगाया है। बिंदकी कोतवाली के कोरइयां दरवेशाबाद निवासी शिवदयाल ने बताया कि उसके पुत्र अतुल सोनकर (18) कार 27 फरवरी को सीढि़यों से गिरा था। आईटीआई रोड स्थित हड्डी रोग विशेषज्ञ के नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने पांच मार्च को आपरेशन किया। आपरेशन के बाद से ही बेटे की लगातार हालत बिगड़ती जा रही थी। बेटे की शाम को मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। डॉक्टर पक्ष से भी कुछ लोग पहुंचे। आरोप है कि शव ले जाने की धमकी दी। इस पर परिजन शव एंबुलेंस से उतारकर नर्सिंग होम के अंदर ले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने में जुटी है।