फतेहपुर। खागा में हादसे के बाद इलाज के दौरान मृत श्रद्धालु प्रणव ओझा का मंगलवार को भिटौरा घाट में अंतिम संस्कार किया गया। उनके घायल बेटे अंकित ओझा व अहमदाबाद से आए छोटे और बड़े बेटे समेत परिजन ने गंगा घाट में मुखाग्नि दी। वहीं अंकित की मां व प्रणव की पत्नी हेमलता बेन अस्पताल में शाम तक भर्ती रहीं। उनकी छोटी बहू उनके साथ रहीं। हादसे में हेमलता का पैर टूटा है। जिला अस्पताल में ही उनका ऑपरेशन किया गया है। मंगलवार देर शाम परिवार समेत अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। अंकित ने बताया की मां की हालत गंभीर है। अहमदाबाद में ही उपचार कराएंगे। सोमवार को महाकुंभ जाते समय श्रद्धालुओं की कार का एक्सीडेंट हुआ था। इसमें मथुरा के बृज किशन, उनकी मां केला देवी व ड्राइवर श्याम सिंह और गुजरात के परिवार से कथावाचक अंकित ओझा, उनकी मां हेमलता बेन, पिता प्रणव ओझा व मित्र भीखू भाई भगत कुल सात लोग मौजूद थे। हादसे में कार चालक श्याम सिंह व प्रणव ओझा की मौत हो गई। प्रणव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जबकि श्याम सिंह का शव परिजन वृंदावन लेकर गए।