फतेहपुर। केवाईसी अभियान के दौरान विद्युत विभाग टीम को पूर्व प्रधान ने समर्थकों संग दौड़ा लिया और गालीगलौज और मारपीट की। मामले की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हिंसमुद्दीनपुर रसूलपुर गांव में ऐरायां उपकेंद्र मीटर रीडर राजकुमार शुक्ला, सुशील कुमार, लाइनमैन कंधई लाल, हरिलाल, उमेश कुमार केवाईसी अभियान के तहत उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन संबंधी जानकारी जुटा रहे थे। इनका आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान प्रमोद कुमार के घर पहुंचे। कनेक्शन संबंधी कागजात, मीटर दिखाने को कहा। तभी पूर्व प्रधान समर्थकों संग गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए और टीम के साथ हाथापाई की। लाठी-डंडे लेकर टीम को दौड़ा लिया। टीम ने मामले की शिकायत थाने में की। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान समेत अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।