फतेहपुर। केंद्र व राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की मंगलवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता डीएम रविंद्र सिंह ने की। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत राज अधिकारी व मत्स्य निरीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत बिंदकी व खागा तथा यूपीसीएलडीएफ के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में यूपीसीएलडीएफ की ओर से कराए जा रहे उन्नयन कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर यूपीसीएलडीएफ के अधिशासी अभियंता से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। जल निगम शहरी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि सीवरेज नेटवर्क का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराएं। जहां-जहां खुदाई हो, वहां मरम्मत का कार्य भी साथ-साथ कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस मौके पर सीडीओ पवन कुमार मीना सहित जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे।