फतेहपुर। भूसा लदा लोडर शनिवार रात पेड़ से टकरा गया। इससे भूसे के ऊपर बैठे किशोर की गिरकर मौत हो गई। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव निवासी शंभू राजपूत का पुत्र शेखर राजपूत (16) शनिवार शाम अन्य साथियों के साथ लोडर में भूसा लादने गया था। खेत से भूसा लादने के बाद घर लौटते समय लोडर तेज रफ्तार की वजह से अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से टकरा गया। हादसे में शेखर की लोडर से गिरकर मौत हो गई। चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि लोडर चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।