धाता। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने चक्की से आटा लेकर जा रहे किशोर को बुधवार दोपहर कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग निकला। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ने की मांग कर जाम लगा दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस के आश्वासन पर यातायात बहाल हो सका।
थाना क्षेत्र की टेकारी गांव निवासी मोहनलाल का 13 वर्षीय पुत्र अंशू परसिद्धपुर गांव से आटा पिसवाकर साइकिल से घर जा रहा था। धाता-हेनौता मार्ग पर गांव की ओर साइकिल मोड़ने लगा। अढ़ौली की ओर आए ट्रैक्टर की टक्कर से अंशू साइकिल से उछलकर गिरा। उसे ट्रैक्टर चालक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर परिवार समेत ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। उधर, चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस से चालक को पकड़ने की मांग की। अंशू कक्षा तीन में अढ़ौली के शिशु मंदिर का छात्र था। पिता मोहनलाल कानपुर में मजदूरी करते हैं। मां अनारकली गांव में पशु व खेती की देखभाल करती है। चालक को पकड़ने की मांग पर करीब साढ़े तीन घंटा जाम लगा रहा। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने कार्रवाई का आश्वासन देकर यातायात बहाल कराया। जाम के दौरान मार्ग पर सैकड़ों भारी वाहनों की कतार लग गई।