फोटो-16एयूआरपी-10- अस्पताल में घटना के बाद गमगीन बैठे परिजन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। कानपुर देहात के महटौली में ईंट-भट्टे के पास तालाब में रविवार सुबह नहाने के दौरान एक किशोर डूब गया। तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने घटना की जानकारी भट्टे पर काम रहे परिजनों को दी। किशोर को तालाब से निकालकर 50 शैया जिला अस्पताल औरैया में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हमीरपुर की राठ तहसील क्षेत्र के करवा खेड़ा निवासी प्रेमचंद्र ने बताया कि वह छह माह पहले महटौली गांव के पास राधे भट्टे पर मजदूरी करने आया था। रविवार सुबह गर्मी के चलते बेटा आनंद (15) पास मौजूद तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह डूब गया। तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने उसके डूबने की जानकारी भट्टे पर आकर दी।
वह लोग तालाब पर पहुंच कर उसकी तलाश शुरू और आधे घंटे की मशक्कत के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला। पिता ने बेटे को जहरीले कीड़े के काटने से तालाब में डूबने की आशंका जताई है। आनंद की मौत पर परिजन बेहाल हैं। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। प्रभारी कोतवाल भागीरथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।