एक्सिस कॉलेज में बीटेक फाइनल ईयर के सात छात्र-छात्राएं स्विफ्ट डिजायर कार से शुक्रवार को यू सर्टिफाइ कंपनी का फाइनल इंटरव्यू देने गए थे। कार बिठूर कस्बे के पेशवानगर निवासी राकेश चंद्र शर्मा के बेटे मोहित (30) ने खरीदी थी और वही चला रहे थे। बड़ौरी टोल प्लाजा के पास कार पलट गई और शहर के मोहित, ऋषभ की मौके पर मौत हो गई। गोविंद नगर के ऋषभ भी अगली सीट पर बैठे थे। पिछली सीट पर बैठे छात्र सलमान को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने सलमान को फतेहपुर स्थित राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कराके घायल छात्रों को कानपुर मंगाया और रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया। रीजेंसी अस्पताल के चिकित्सकों ने ही सलमान को मृत घोषित कर दिया। सलमान भी कानपुर के रहने वाले हैं। सड़क हादसे में साकेत, चंद्रप्रकाश, आनंद त्रिपाठी और जान्हवी को गंभीर चोटें आई हैं। इन सबका इलाज रीजेंसी अस्पताल में चल रहा है। एक्सिस कॉलेज के प्रबंध निदेशक राज कुशवाहा ने बताया कि कार नई थी। ओवर स्पीडिंग की वजह से कार पलटने की सूचना मिली है। कई बार पल्था खाने की वजह से ही ड्राइव और उसके बगल की सीट पर आगे बैठे छात्रों की मौके पर मौत हो गई। फिलहाल, घायलों का इलाज कराया जा रहा है। साकेत का परिवार बिहार से आ रहा है। इसलिए कॉलेज प्रशासन देखरेख में लगा है। ऑपरेशन का इंतजाम कराया गया है। दूसरी तरफ हादसे मेें घायल हुए छात्रों को 108 एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर लेकर आया गया।