फतेहपुर। प्रयागराज उमेश पाल हत्याकांड को अंजाम देने वाले माफिया अतीक के बेटे असद के व्हाट्सएप ग्रुप में जिले के कई लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। प्रकरण की जांच में जुटी एसआईटी, एसटीएफ की टीमें ग्रुप में जुड़े सदस्यों तक पहुंच सकती हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन लोगों ने अपने नंबरों को बंद कर रखा है। नंबर के आधार पर पूरे लोगों की पहचान हो चुकी है।
माफिया अतीक का बेटा असद शेर ए अतीक नाम से व्हाट्सएप ग्रुप संचालित करता था। पुलिस की जांच में ग्रुप के सदस्य कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर के होना पाया गया है। ग्रुप में करीब 200 लोग सदस्य जुड़े थे। जिले में 20 से 25 सदस्य होना बताया जा रहा है। उनकी तलाश में एसटीएफ और एसआईटी के आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि जिले में अतीक के जुड़ाव रखने वाले हिस्ट्रीशीटर मोहमद अहमद और उसके भाई जर्रार पुलिस जेल भेज चुकी है। इसके अलावा अतीक के कनेक्शन में रहने वाले 35 लोगों के नामों की सूची प्रयागराज पुलिस ने भेजी थी। उनके ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है। पुलिस की छापेमारी से जिले के कई गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर भूमिगत भी चल रहे हैं। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि प्रयागराज मामले को लेकर गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटरों की निगरारी की जा रही है। उनके कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।