फतेहपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने मलेरिया और फाइलेरिया विभाग की गलत रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अक्तूबर माह के विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की विस्तृत कार्ययोजना की समीक्षा हुई। साथ ही, दस्तक अभियान की विस्तृत कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने 19 नवंबर से सात दिसंबर तक चलने वाले फाइलेरिया मुक्ति अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार और दवा सेवन हेतु लोगों को प्रेरित करने पर जोर दिया। आबादी के आसपास पानी के स्रोतों को मच्छरमुक्त करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित धुंधीकरण कराने को भी कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी, आशा व एएनएम घर-घर जाकर एई, जेई और बुखार से पीड़ित मरीजों को चिह्नित करेंगे। टीमें घरों में कूलर, पुराने बर्तन, गमले, टायर की जांच करेंगी। साथ ही, पानी रखने वाले बर्तनों की भी जांच की जाएगी।