संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। भागीरथी अपने पूर्वजों को तारने के लिए मां गंगा को धरती पर लाए। भगवान शिव ने मां गंगा की गति को संभाला। भारतीय संस्कृति की चर्चा जहां पर होती है, वहां पर संजीवनी बूटी की बात जरूर आती है। इस बूटी की खोज भृगु ऋषि ने की थी। आज भृगु ऋषि की पावन धरा पर संकल्प सिद्धि धाम की नींव रखी गई है। ये धाम संस्कार के केन्द्र के रूप में उभरेगा और एक मनोरम स्थल बनेगा। ये बातें डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहीं। वे भिटौरा स्थित महर्षि भृगु ज्योतिष शोध पीठ, उत्तर वाहिनी गंगा घाट में विश्व के सबसे ऊंचे मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति पर अनेकों हमले हुए, फिर भी हमारी संस्कृति अनवरत बनी रही। भारतीय संस्कृति की चर्चा जहां पर होती है, वहां पर संजीवनी बूटी की बात जरूर आती है। बूटी की खोज भृगु ऋषि ने की थी। हमारी सभ्यता में 108 अंक का बड़ा महत्व है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना काल में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से 110 देशों को वैक्सीन दिया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि वीर योद्धा ठा. दरियाव सिंह, जोधा सिंह अटैया, गणेश शंकर विद्यार्थी, सोहनलाल द्विवेदी की पुण्य जन्मस्थली में संकल्प सिद्धि धाम का निर्माण हो रहा है। यह संस्कार और सेवाओं का केन्द्र बनेगा। राम मन्दिर, बाबा विश्वनाथ काशी कॉरिडोर, मां विंध्यवासिनी को विकसित किया गया है। ये धर्म और संस्कार का परिचय देते हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि फतेहपुर की तपोभूमि में यह संस्कार की पूँजी इस धाम के माध्यम से विकसित होगी और जिले का नाम पूरे विश्व मे विकसित होगा। कैबिनेट मंत्री जल शक्ति स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह आस्था व विश्वास का केंद्र रहेगा, जो युगों-युगों तक नागरिकों को संस्कार व सभ्यता का परिचय देगा। स्वामी अखिलेश्वर दास महाराज व ऑनलाइन के माध्यम से जुड़कर चिदानंद सरस्वती जी महाराज(ऋषिकेश), मुख्य सचिव दुर्गा शंकर ने भी इस संबंध में अपने-अपने विचार व्यक्त किए। शाम करीब पौने तीन बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मन्दिर निर्माण का भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, विधायक कृष्णा पासवान, राजेन्द्र सिंह पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, स्वामी अखिलेश्वर दास जी महाराज, रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह समेत डीएम श्रुति, सीडीओ सूरज पटेल, एडीएम विनय कुमार पाठक, एडीएम धीरेन्द्र प्रताप, सहित भारी संख्या में जन समूह उपस्थित रहे।