फतेहपुर। स्टेशन से जिला अस्पताल रोड पर डिप्टी कलक्टर हिकमतउल्ला पार्क के सामने पश्चिमी लेन पर अब भी मौरंग, गिट्टी डंप है। ऐसे में एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचना कठिन हो रहा है। एक पहिया मौरंग के ढेर से चढ़ाकर निकालना पड़ता है। इससे गंभीर मरीजों की दिक्कतें बढ़ती हैं।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में डिवाइडर रोड की दोनों लेन पर मौरंग डंप की खबर प्रकाशित की। इसके बाद पूर्वी लेन की मौरंग उठाकर एक ओर का रास्ता साफ कर दिया गया, लेकिन पश्चिमी लेन अभी मौरंग और गिट्टी से पटी है। 24 घंटे से अधिक समय तक सड़क पर निर्माण सामग्री डंप होने पर आर्थिक दंड का प्रावधान है। इसके बावजूद नगर पालिका ने मुख्य मार्ग से निर्माण सामग्री हटाने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाया है। खास बात यह है कि मौरंग डंप होने से आवास विकास को जानी वाली सड़क बंद हो गई है। पूरी सड़क पर मौरंग बिखरी होने के कारण बाइक सवार फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर पालिका समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है।
..बयान:-
नगर पालिका के अतिक्रमण विभाग को मौके पर जाकर समस्या के निराकरण के आदेश दिए गए हैं। बुधवार को नगर पालिका की टीम रामनवमी की व्यवस्था में लगी है। गुरुवार को समस्या का निदान कर दिया जाएगा।
राजकुमार मौर्य, एडवोकेट, चेयरमैन नगर पालिका
.........................