संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। मेडिकल कालेज से सम्बद्ध नर्सिंग कालेज की शासन से अनुमति मिलने के बाद कालेज निर्माण के लिए प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार सदर अमृतम यादव ने राजस्व टीम के साथ तीन स्थानों पर जमीन का सर्वेक्षण किया है। मेडिकल कालेज के सामने, बंद पड़ी रेशम फैक्ट्री और गांव चितौरा में ग्राम समाज की जमीन का सर्वे कर राजस्व टीम ने रिपोर्ट डीएम को सौंपी है। कालेज एक एकड़ की जमीन में बनकर तैयार होगा।
अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज से सम्सबद्ध नर्सिंग कालेज को शासन से अनुमति मिल चुकी है। कॉलेज में जीएनएम ( जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) और बीएससी नर्सिंग दो कोर्स संचालित होंगे। बीएससी नर्सिंग चार साल का डिग्री कोर्स होगा, जबकि जीएनएम साढ़े तीन साल का डिप्लोमा कोर्स होगा। जीएनएम में तीन साल पढ़ाई और छह महीने हॉस्पिटल में इंटर्नशिप करनी होगी।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर आरपी सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के दो नर्सिंग कोर्स की मंजूरी शासन से मिल गई है। इसके लिए एक एकड़ जमीन की आवश्यकता है। राजस्व टीम ने जमीन के लिए सर्वेक्षण किया है। जल्द से जमीन का निर्धारण होने के बाद कालेज के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।