- पुलिस मान रही रंजिश का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार पीआरवी चालक होमगार्ड को शनिवार रात गोली मार दी गई। पीठ और पैर में गोली के छर्रे लगने से होमगार्ड घायल हो गया। परिजन शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पुरानी रंजिश का मामला मानकर जांच में जुटी है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी रमेश सिंह (50) गाजीपुर थाने शाह क्षेत्र पीआरवी में चालक के पद पर तैनात हैं। चालक के होमगार्ड भाई विनीत सिंह ने बताया कि बड़े भाई रमेश रात को बाइक से ड्यूटी के बाद घर आ रहे थे। गांव के मोड़ पर बाइक सवारों ने पीछे से भाई को गोली मार दी। गोली लगने के बाद भी भाई बाइक भगाते हुए गांव के अंदर तक पहुंचे और पेड़ से टकराकर गिर पड़े। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन दौड़कर पहुंचे। परिजन जिला अस्पताल लेकर आए।
सूचना पर शाह चौकी प्रभारी विपिन सिंह, हुसैनगंज थाने का फोर्स पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। बयान के आधार पर संदिग्धों की धरपकड़ की जाएगी। होमगार्ड की हालत खतरे से बाहर है।