फतेहपुर। शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भी जमकर अघोषित बिजली कटौती की गई। बिजली नहीं आने के कारण शनिवार सुबह जलापूर्ति भी प्रभावित रही। इस वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिले में बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था में सुुधार नहीं हो रहा है। जीटी रोड के चंदियाना मोहल्ले में शुक्रवार रात 12 बजे हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। इससे करीब 400 घरों की बिजली गुल हो गई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मना रहे लोगों में बिजली कटौती ने बाधा डाल दिया। बेरुईहार उपकेंद्र के कर्मचारियों ने शनिवार सुबह 11 बजे लाइन का फाल्ट सही किया, तब आपूर्ति बहाल हुई। वहीं थरियांव, असोथर, बहुआ उपकेंद्र की बिजली कटौती में सुधार नहीं हो रहा है।
थरियांव उपकेंद्र में मंडासरांय फीडर के उपभोक्ताओं को तीन-तीन घंटे बिजली दी जाती है। उसमें भी बार-बार मशीनों से ट्रिपिंग होती है, जिससे लोग रात में सुकून की नींद सो नहीं पाते हैं। असोथर उपकेंद्र के नरैनी फीडर और थरियांव फीडर में रात को फाल्ट हो गया। जिससे कोर्रा, सातो, बढ़वा समेत कई गांवों की बिजली गुल रही।
अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि रात में बारिश के कारण फाल्ट सही नहीं किए जा सके। सुबह उपकेंद्र के अवर अभियंताओं व लाइनमैनों को भेज कर फाल्ट सही कराया गया है।