फतेहपुर। किसानों के लिए प्रदेश सरकार ने अच्छी पहल की है। इसके तहत पूरे प्रदेश में वन स्टाप शाप खोले जाएंगे।
यहां एक ही छत के नीचे सभी कृषि सुविधाएं किसानों को मुहैय्या होंगी। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक ब्लाक में कम से कम एक दुकान तो खुल ही जाए।
कृषि विभाग की प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के तहत जनपद में 15 एग्री जंक्शन खोलने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए कृषि स्नातक आवेदन कर सकते हैं।
एग्री जंक्शन खोलने के लिए आवेदन करने वालों के लिए आयु सीमा 40 वर्ष रखी गई हैं। अनुसूचित जाति के मामले में पांच वर्ष की छूूट दी जाएगी।
आवेदन के बाद चयनित युवाओं को पहले विभाग की ओर से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद एग्री जंक्शन खोलने के लिए कृषि विभाग बैंक से ऋण दिलाएगा।
चार लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट पर 3.50 लाख रुपये का ऋण मिल सकेगा। इसमें 50 हजार रुपये की सहायता कृषि विभाग देगा।
एग्री जंक्शन में उर्वरक, बीज, कीटनाशक के साथ ही कृषि संबंधी अन्य कार्य भी किए जाएंगे। यहां किसानों को कृषि यंत्र किराए पर दिए जाएंगे।
एग्री जंक्शन शिक्षित बेरोजगार स्नातकों के लिए बेहद उपयोगी है। जनपद में कुछ केंद्र पहले से खुले हैं, लेकिन इनकी संख्या बढ़ाने पर हमारा जोर है।
केंद्र खोलने के इच्छुक लोगों को विभाग निशुल्क फार्म देता है। आवेदन पत्र के साथ फोटो, बायोडाटा, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, निवास, जाति प्रमाण पत्र की प्रमाणित छाया प्रति जमा करना होगा। - बृजेश सिंह, उप निदेशक कृषि