हथगाम (फतेहपुर)। नैनी रेलवे स्टेशन के पास ट्रांसफार्मर से कूदकर आत्महत्या की कोशिश करने वाला दिनेश परिवार समेत करीब 25 साल से पंजाब में रहता है। गांव में खबर आने के बाद पारिवारिक चचेरे भाई प्रयागराज रवाना हुए हैं। वह तीन माह पहले कुछ दिन के लिए गांव आया था, इसके बाद पंजाब लौट गया था।
थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के दिनेश की मां कई साल पहले मौत हो गई थी। दिनेश अविवाहित है। उसकी सगी दो बहनें माया व रूपा शादीशुदा हैं। पिता ननकू ने दूसरी शादी ममता से की थी। ममता से तीन पुत्रियां संजना, पल्लवी व रीतिका हैं। ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश पंजाब में पिता से अलग रहता है। वह मिठाई कारीगर है। गांव में दिनेश के पिता के नाम पर एक बीघा खेत हैं। परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं है। इसी वजह से करीब 25 साल से परिवार पंजाब में ही रहता है। कभी-कभार ही परिवार का गांव आना होता है। हादसे की सूचना पर गांव से परिवार के लोग गए हैं। उधर, पंजाब से भी पिता प्रयागराज पहुंच रहे हैं।