संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जमीन का सौदा तय कर महिला से साढ़े पांच लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर महिला पर तमंचे से फायर किया और उसके बेटे को भी दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर किशनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी निवासी मनोज केशरवानी की पत्नी नीलम देवी ने बताया कि असोथर थाने के सातोजोगा मोंगरीबाग निवासी वासुदेव से जमीन का सौदा तय किया था। उसने 17 मई से 23 अगस्त 20222 के बीच साढ़े पांच लाख रुपये एडवांस दिया था। रुपये खाते में दिए थे। इसके बाद वासुदेव ने तय जमीन पत्नी फूल कुमारी को 29 सितंबर 2022 को बैनामा कर दिया। वह बैनामे का दबाव बनाती रही, लेकिन उसे टरकाता रहा।
कुछ दिन बाद बैनामे का पता लगा। वह 23 जुलाई 2023 को वासुदेव के घर पहुंची। जमीन को लेकर पूछताछ करने पर वासुदेव ने दो लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर इकलौते बेटे को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसी दौरान वासुदेव ने तमंचे से उस पर फायरिंग की गई। किसी तरह वह जान बचाकर मौके से भाग निकली। पति को आपबीती बताई। पुलिस से शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक जेपी शाही ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।