संवाद न्यूज एजेंसी
हुसैनगंज। खड़ंजा मार्ग उखड़ने से राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया। क्षेत्रवासियों ने रोड निर्माण की आस छोड़ दी है। हुसैनगंज कस्बे को जोड़ने वाले तीन किमी लंबे औढेरा से फरीदपुर खड़ंजा मार्ग का निर्माण करीब 15 वर्ष पूर्व हुआ था। आवागमन और बारिश के कारण पांच वर्षों से कई जगह खड़ंजा मार्ग पूरी तरह से उखड़ चुका है। इस कारण से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया। भाजपा नेता और औढेरा के पूर्व प्रधान क्षत्रपाल सिंह लोधी ने बताया कि पिछले पांच साल से हुसैनगंज विधायक पूर्व राज्यमंत्री सहित जिले की सांसद और केन्द्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति से लगातार रोड निर्माण कराने की मांग करते चले आ रहे हैं। लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस रोड से औढेरा सहित सुवाही बाग, साहूपुर, चौहट्टा और फरीदपुर सहित कई गांवों के छात्रों का हुसैनगंज काॅलेज आना जाना होता है। कैलाश प्रजापति, पन्नालाल, प्रेम सिंह लोधी, सूरज कुमार और लालमणि लोधी सहित तमाम लोगों ने पक्का रोड बनाने की मांग जिले की सांसद से की है।