फतेहपुर। जिले के विभिन्न ब्लाकों के किसानों को नेशनल पेस्ट सर्विलांस (एनपीएसएस) ऐप के विषय में केंद्र सरकार की टीम ने प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण में केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र के प्रभारी डॉ.जीपी सिंह, संयुक्त निदेशक के निर्देशन में प्रशिक्षण दिया गया। कृषि रक्षा अधिकारी ब्रजेस सिंह ने कहा कि ऐप के माध्यम से फसलों में कीड़े- बीमारी का आईपीएम तकनीक से प्रबंधन कर कम लागत में दोगुनी आय प्राप्त करेंगे। रीजनल सेंट्रल आईपीएम सेंटर लखनऊ के वनस्पति संरक्षण अधिकारी अमित कुमार सिंह ने एनपीएसएस ऐप की वर्तमान उपयोगिता एवं प्रासंगिकता के बारे में बताया। प्रशिक्षण में विभिन्न ब्लाकों के प्रगतिशील किसान और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक भी मौजूद रहे। (संवाद)
-
पानी की टंकी के निर्माण में लाएं तेजी: डीएम
फतेहपुर। जल जीवन मिशन कार्यक्रम से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में डीएम सी. इन्दुमती की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने पानी की टंकी के निर्माण एवं हर घर जल के लिए गांवों में बिछाई जा रही पाइप लाइन के कार्यों की प्रगति के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि टंकी के निर्माण व पाइप लाइन बिछाने का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। कार्य मे तेजी लाने के लिए मैन पावर बढ़ाकर कार्य कराएं। कहा कि पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई के उसी प्रकार बनाएं। अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देशित किया कि प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराए। बैठक में सीडीओ पवन कुमार मीना, अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण सौमित्र श्रीवास्तव, डिस्ट्रिक्ट को-कॉर्डिनेटर राजमुनी यादव, सहित कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।