फतेहपुर। महिला को काटने की खुन्नस में कुत्ते को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
खखरेरू थाने के छनैनी गांव के बरदानी के पुत्र सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घर के बाहर पालतू कुत्ता बैठा था। शेखपुर गांव के हनीफ का पुत्र कासिम ने लाइसेंसी बंदूक से शुक्रवार शाम कुत्ते को गोली मार दी थी और गाली गलौज कर चला गया था। मामले में सुरेंद्र की तहरीर पर कासिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, मोहम्मद हनीफ ने बताया कि उसकी पत्नी सहीदुन निशां शाम को नलकूप पर टहलने गई थी। रास्ते में बरदानी के पालतू कुत्ते ने पत्नी को काट लिया था। आरोप है कि मालिक कुत्ते पर निगरानी नहीं रखता है। इसी वजह से पत्नी पर कुत्ते ने हमला किया। कुत्ता मालिक पर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। लाइसेंसी बंदूक के दुरुपयोग व शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।