फतेहपुर। दहेज में पांच लाख 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने नवविवाहिता को मारापीटा और घर से निकाल दिया। मामले में पति समेत तीन ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्ण बिहारी नगर निवासी अजय कुमार नौराही की पुत्री दीपाली सोनी की शादी छह फरवरी 2023 को राजस्थान प्रांत सीकर जिला उदंगगढ़ थाना के मलखेड़ा देवगढ़ निवासी दिनेश सोनी उर्फ आशीष सोनी के साथ हुई थी।
विज्ञापन
दीपाली का आरोप है कि शादी के बाद से पति, सास कमला सोनी, ससुर राजेश सोनी दहेज में पांच लाख 50 हजार रुपये मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर मारपीट और गाली गलौज कर प्रताड़ित करते थे। ससुरालीजनों ने एक माह पहले दहेज की मांग पूरी न होने पर मारापीटा और घर से निकाल दिया।
उसकी सूचना पर मायके से परिजन पहुंचे। वह उसे राजस्थान से घर लेकर आए। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
घर में कब्जे करने की शिकायत
फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के आंबेडकरनगर कोड़ा निवासी रामसजीवन ने डीएम और एसपी से घर में कब्जा किए जाने की शिकायत की है। रामसजीवन का आरोप है कि उसके पिता ने परसादपुर गांव के रहने वाले रिश्तेदार को रहने के लिए खाली पड़ा घर दिया था। वह लोग दूसरे घर में रहते हैं। उन लोगों ने चोरी छिपे नगर पंचायत में अपना नाम चढ़वाकर घर में कब्जा कर लिया है। उसने तहसील स्तर पर शिकायत की। कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। (संवाद)