फतेहपुर। जिला अस्पताल मरीजों के पंजीयन कराने के लिए आभा एप के साथ पुराना विकल्प भी खुला है। अस्पताल में दोनों विकल्पों से मरीज पंजीयन पर्चा बनवा रहे हैं। हालांकि आभा एप से पर्चे बनाने के लिए काउंटर में बहुत कम मरीज पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के जिला अस्पतालों में मरीजों के पंजीयन के लिए आभा एप लागू करने से अस्पताल में अलग काउंटर स्थापित किया गया है। लेकिन अभी तक पुराने काउंटर में मरीजों की लाइनें लग रही हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में 1638 नए मरीजों का पंजीयन हुआ, उसमें 167 मरीजों ने आभा एप के माध्यम से पर्चे बनवाया। सीएमएस डॉ. पीके सिंह का कहना है कि एप के माध्यम से मरीज को पंजीयन कराने में अधिक सुविधा मिलेगी। उसे पंजीयन नंबर बताने मात्र के पर्चा मिल जाता है, जबकि जनरल काउंटर में आधार नंबर, नाम, पिता का नाम, उम्र, मोबाइल नंबर आदि जानकारी देने पर ही पर्चा बन पाता है। फिलहाल अभी दोनों विकल्पों से मरीजों का पंजीयन किया जा रहा है।