जमीन विवाद में मां-बेटों को पीटा, लूट का आरोप
बिंदकी। कानपुर साढ़ गोपालपुर निवासी कुसमा देवी का जोनिहा में मायका है, जहां उनको संपत्ति मिली है। वह बेटे लाल सिंह, बेटे उमेश सिंह के साथ जोनिहा स्थित खेत देखने आई थी। आरोप है कि गांव के करणवीर,भूरा, पुत्तन उनके खेत जोत रहे थे। विरोध करने पर तीनों ने साथियों के साथ लाठी-डंडों पीटकर घायल कर दिया। महिला का आरोप है कि उसके कान का बाला और जंजीर भी लूट ले गए। बेटे उमेश की जेब से 10 हजार रुपये, कीपैड मोबाइल भी छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पैथोलॉजी संचालक ने युवक पर रॉड से हमला किया
बिंदकी। धर्मा होम्यो क्लीनिक में लेनदेन के विवाद में पैथोलॉजी संचालक ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। सीएचसी से उसे कानपुर रेफर किया गया है। कुंवरपुर रोड निवासी रामू सिंह परिहार का बेटा अंशुमान सिंह कुंवरपुर रोड स्थित धर्मा होम्यो क्लीनिक में इलाज कराने गया था, जहां क्लीनिक में मौजूद बसंतीखेड़ा के पैथोलॉजी संचालक पंकज श्रीवास्तव से रुपये मांगने पर बहस हो गई। विवाद में अंशुमान के सिर पर राॅड से हमला कर सीढ़ियों से धक्का दे दिया। पुलिस ने घायल के पिता रामू सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। (संवाद)
पोल्ट्री फार्म से कार सवार 70 हजार के बकरा चुरा ले गए
बिंदकी। कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के झालपुर निवासी देशराज पोल्ट्री फार्म गांव में चलाते हैं। उनके पोल्ट्री फार्म से तीन बकरा और पांच बकरी रात कार में भरकर सवार ले गए। आहट होने पर देशराज की नींद खुली। उसने चोरों की कार पकड़ने का प्रयास किया। शातिर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। संवाद