असोथर। विकास खंड की ग्राम सभा ऐझी में मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार सामने आया है। ग्रामीणों ने बुधवार को डीएम से शिकायत कर जांच की मांग की। डीएम रविंद्र सिंह ने सीडीओ को जांच सौंपकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ताओं सौरभ सिंह, मान सिंह और राकेश ने आरोप लगाया कि प्रधान व सहयोगियों ने बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की हैं। विद्यालय परिसर की भूमि पर हैंडपंप रीबोर, नाली निर्माण, तालाब खोदाई जैसे कार्य दर्शाए गए पर हुए नहीं। वर्ष 2022 में जांच शुरू होने पर लगभग 500 रोजगार कार्ड निरस्त कर पूर्व कार्यों का भुगतान निकाल लिया गया। मनरेगा के कार्य मजदूरों के बजाय खोदाई मशीनों से कराए जाने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।