संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। अवैध खनन की जांच करने गए लेखपाल से एक युवक ने अभद्रता की। पुलिस ने युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। खागा के शिवपुर निवासी नागेंद्र प्रताप सिंह बिंदकी तहसील के गोपालपुर अढ़ेना में लेखपाल पद पर कार्यरत हैं। वह अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर गोपालपुर पहुंचे थे। जांच के दौरान गांव का रवि कुमार पासवान वहां पहुंचा। इसने लेखपाल के साथ गाली-गलौज की। उनसे मोबाइल और सरकारी नक्शा छीन लिया। छीनाझपटी में नक्शा फट गया। लेखपाल को जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी से अभद्रता का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।