जिला योजना समिति के निर्वाचन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। सुरक्षा चौकसी के बीच वर्गवार होने वाले इस निर्वाचन के लिए 22 जिला पंचायत सदस्यों ने नामांकन पत्र भरा। नामांकन प्रक्रिया के बाद जांच हुई, जिसमें सभी सदस्य कागजी प्रक्रिया मेें खरे उतरे। चूंकि यह चुनाव 22 सदस्यों के लिए होना है और इतने ही सदस्य दावा करने को सामने आए हैं। लिहाजा यह माना जा रहा है कि निर्वाचन प्रक्रिया एक तरह से पूरी हो चुकी है।
46 जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में इस चुनाव में वर्गवार 22 सदस्य निर्वाचित होने हैं। नामांकन प्रक्रिया व जांच मंगलवार होनी थी जबकि 12 मार्च को उम्मीदवारी वापस लेने व 16 मार्च को चुनाव कराया जाना है। मतगणना भी 16 मार्च को होनी मुकर्रर है।
आरक्षण पर पर गौर फरमाए तो अनारक्षित वर्ग से सात, अनारक्षित वर्ग महिला से तीन, अनुसूचित जाति वर्ग से चार, अनुसूचित जाति महिला वर्ग से दो, ओबीसी वर्ग से चार, ओबीसी महिला वर्ग से दो का चुना जाना है।
मंगलवार को इस निर्वाचन के लिए डीएम न्यायालय में एआरओ जितेंद्र सिंह की निगहबानी में दोपहर 11 बजे से चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। जिसमें नरेंद्र सिंह गौतम, इंद्रजीत, ओम प्रकाश, आशीष कुमार, नरसिंह पटेल, मनभावन शास्त्री, विनोद कुमार, सतेंद्र सिंह्र, राकेश कुमार, योगेंद्र सिंह, जंयती वर्मा, सर्वेश देवी, प्रेमा देवी, रमाकांत, राम स्वरूप, ननकऊ, शिव बिसाल, सीता देवी, शिमला देवी, विद्या देवी व अलवेश देवी ने पर्चा भरा।
इन सभी नामांकन पत्रों की जांच का कार्य दोपहर चार बजे से शुरू हुआ। जो कि शाम सात बजे के बाद तक चला। जांच प्रक्रिया में सभी नामांकन सही पाए गए। इसकी पुष्टि करते हुए जिला योजना समिति के निर्वाचन अधिकारी व डीएम राजीव रौतेला ने बताया कि समिति में 22 सदस्य चुने जाने हैं। नामांकन के लिए इतने ही उम्मीदवार सामने आए हैं। इसके बावजूद नाम वापसी की तारीख से पहले कुछ कहा नहीं जा सकता है।