संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। वेतन मांगने पर मौरंग कारोबारियों ने कर्मी को पीटकर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। लखनऊ के कारोबारियों के खिलाफ एससी-एसटी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। खखरेरू थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी संतोष कुमार अनुसूचित जाति का है। उसने एफआईआर में बताया कि संजय मिश्रा निवासी विकास नगर लखनऊ, संजय कुमार श्रीवास्तव निवासी इंदिरा नगर लखनऊ और मनीष ओझा निवासी भगौतीगंज रेलवे स्टेशन से 2020 में मुलाकत हुई थी। तीनों मौरंग ठेके के साझेदार हैं। सलमेपुर मौरंग खदान में मजदूर लेकर काम कराने की बात कही। मासिक वेतन 15 हजार रुपये देना तय किया। वह खदान और ओरहा मौरंग डंप देखने लगा। काम के दौरान 20 हजार रुपये 2020 में दिया। इसके बाद वेतन मांगने पर टरकाने लगे। उसने संजय मिश्रा और संजय कुमार श्रीवास्तव से वेतन देने का दबाव बनाया। वह लोग भड़क उठे।
जाति सूचक शब्द बोलकर गाली गलौज और मारपीट की। दोबारा वेतन मांगने पर उसे परिवार समेत जान से मारकर नदी में फेंकवाने की धमकी दे डाली। मामले में खखरेरू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में मनीष ओझा पर कई मुकदमे दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।