फतेहपुर। महाठग राजेश मौर्या की 50 हजार इनामी पत्नी पूजा को कानपुर से गिरफ्तार किया गया है। वह आठ साल से फरार चल रह थी। पुलिस को लगातार दबिश के बाद भी सफलता नहीं मिल रही थी। प्रयागराज एसटीएफ और सुल्तानपुर घोष की पुलिस ने सुराग मिलने पर कानपुर से पूजा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पूजा के ठग पति राजेश मौर्या को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है।
सुल्तानपुर घोष थाने में 16 अक्तूबर 2016 को राजेश मौर्या व उसके दिवंगत पिता मंगल मौर्या, भाई बृजेश मौर्या, पत्नी पूजा, परिवार के रुपचंद्र, राेहित, राकेश, शत्रुघन, अरुण मौर्या, रामचंद्र उर्फ लाखा, क्षत्रपाल के खिलाफ तीन करोड़ 12 लाख 98 हजार की जिले के लोगों से ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपियों में राजेश को जुलाई माह में इंदौर से गिरफ्तार किया गया। वहीं पत्नी की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही थी। कानपुर की लोकेशन पर भी लगातार दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। शुक्रवार को एसटीएफ और जनपद की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पूजा को गिरफ्तार किया गया।
प्रयागराज में आयकर विभाग ने फ्रीज किए हैं एक करोड़ रुपये
शातिर राजेश मौर्या नए-नए लोगों को प्रोजेक्ट में रुपये दोगुना करने का प्रलोभन देकर प्रयागराज में मार्केट में पहुंचाता था। प्रयागराज के मानसरोवर में 38 लाख रुपये, असरावल खुर्द में 35 लाख रुपये की ठगी की। उसकी कंपनी में कोतवाली प्रयागराज पुलिस व आयकर अधिकारियों ने छापा मारकर 33 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। ब्योरा नहीं देने पर विभाग ने रुपये फ्रीज किए थे। रुपये अब भी फ्रीज पड़े हैं।