बकेवर/ फतेहपुर। लगातार हुई बेमौसम बारिश से क्षेत्र में गोभी की आधे से ज्यादा फसल चौपट हो गई। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा बर्बाद फसलों का सर्वे न कराए जाने से किसानों ने नाराजगी जताई।
क्षेत्र के शाहजहांपुर, बनियनखेड़ा, जलाला, मवइया, लाला बक्सरा में करी ढाई सौ बीघा की जाती है। यहां से प्रयागराज, बांदा, कानपुर, उन्नाव के व्यापारी खरीददारी करने के लिए आते हैं। किसानों का कहना है कि इस बारिश के कारण 50 प्रतिशत से अधिक फसल बर्बाद हो गई। पर्याप्त गोभी न मिलने के कारण व्यापारी भी नहीं आ रहे हैं।
शाहजहांपुर के किसान भारत भूषण ने बताया कि उनकी 50 बीघा फसल बारिश से खराब हुई है। शिवदयाल वर्मा ने बताया उनकी 10 बीघा, श्यामबिहारी की छह बीघा, नवल वर्मा की पांच बीघा, विनोद यादव की पांच बीघा, महादेव वर्मा की सात बीघा फसल बर्बाद हुई है। इसी प्रकार बाराती वर्मा ने बताया कि उनकी नौ बीघा गोभी की फसल, जमुना वर्मा की पांच बीघा, राजेपाल पासवान की पांच बीघा, बाबूराम की छह बीघा खराब हुई है। दलवीर यादव ने बताया कि बारिश से उनकी पांच बीघा, विनोद वर्मा दो बीघा और राकेश गौतम नौ बीघा गोभी की फसल बर्बाद हो गई है।