फतेहपुर। युवती को अगवा करने व उसका शारीरिक शोषण करने के मामले में चेयरमैन के पुत्र समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री से चेयरमैन राबिया खातून का पुत्र गुड्डू उर्फ आरिफ शादी झांसा देकर एक वर्ष से शारीरिक संबंध बनाता रहा है। उसने गुड्डू से पुत्री के साथ शादी करने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया । पुलिस से शिकायत करने पर पुत्री का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
आरोप है कि 18 जुलाई को पुत्री घर से बाजार गई थी। तभी गुड्डू ने अपने साथियों गुलजार, जुबैर सिद्दीकी, समीर मंसूरी, शमशाद के साथ स्कॉर्पियो से पुत्री का अपहरण कर लिया। वह गुड्डू के घर शिकायत करने पहुंची। तभी गुड्डू और उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि चेयरमैन के पुत्र समेत पांचों के खिलाफ अपहरण, धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती की तलाश की जा रही है।