बकेवर। बकेवर थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले हुई किसान की हत्या के मामले में अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच बंद कर दी। वहीं, खनन माफियाओं से मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों सहित तमाम संदिग्धों से पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास मोबाइलों की लोकेशन खंगाली इसके बावजूद नतीजा सिफर है।
सात जनवरी की सुबह बकेवर थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव निवासी किसान कल्लू पाल(65) का शव रक्तरंजित हालत घर से 100 मीटर की दूरी पर मिला था। घटनास्थल के नजदीक खून से सना डंडा मिला था। पुलिस ने डंडे से पीटकर हत्या होने की आशंका जताई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद बकेवर थाने और एसओजी की दो टीम ने मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की। चर्चा है कि मृतक के खेत में घटना से पहले जबरन खनन हुआ था। मृतक ने इस मामले की शिकायत एसडीएम बिंदकी से की थी। ग्रामीण भी खनन की रंजिश को लेकर हत्या का कारण बता रहे थे। लेकिन पुलिस ने इस बात से इन्कार किया है। घटना के बाद पुलिस ने खनन माफियाओं सहित मृतक के पुत्रों से पूछताछ की। क्षेत्र के इलाकों में दबिश देकर अन्य लोगों को थाने बुलाया। उनसे घंटो पूछताछ की लेकिन नतीजा सिफर रहा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ दिनों पहले खनन माफिया से एक ढाबे में पूछताछ की। पुलिस को अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला। सीओ बिंदकी सुशील द्विवेदी ने बताया कि औंग थाना क्षेत्र में हत्या होने पर पूरी टीम वहां लगी है। इस कारण कल्लू हत्याकांड की जांच दो दिनों से नहीं हो रही। शनिवार से फिर मामले की जांच शुरू होगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।