अमौली। क्षेत्र के नराखाबाबा ग्राउंड में हुए राजकुमार रीजनल राइजर्स टूर्नामेंट में जिगनी की टीम ने रोचक मुकाबले के साथ अजेय आतिशी पारी खेली। जिगनी टीम ने सबसे पहले बकेवर को 96 रनों से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। 12 ओवर के मैच में 216 रनों का सबसे बड़ा लक्ष्य दिया था। विपक्षीय बकेवर टीम दसवें ओवर में ही 120 रनों में सिमट गई। दूसरा सेमीफाइनल मैच सेठी के साथ हुआ, जिसमें 131 रनों के लक्ष्य को बड़े ही रोचक मुकाबले के बाद पार कर दिया। अंतिम ओवर की तीन बाल में सात बनाने थे। जिगनी टीम के अंतिम बल्लेबाज के तौर पर बुमराह उतरे थे। अंतिम विकेट होने के कारण लक्ष्य मुश्किल लग रहा था, लेकिन भूपेंद्र की चौथी और अंतिम गेंद में छक्का जड़ते हुए मैच अपने कब्जे में ले लिया। फाइनल मैच बंथरा को भारी भरकम 160 रनों के स्कोर से हराकर कप में कब्जा कर लिया। टीम के कप्तान नूर आलम की सूझबूझ के चलते जिगनी टीम के 238 के लक्ष्य को बंथरा की टीम नहीं भेद पाई और 78 रनो में ही सिमट गई। जिगनी की टीम ने आतिशी पारी खेल कर टूर्नामेंट में रोचक मुकाबले के साथ कब्जा जमा लिया।