फतेहपुर। जहानाबाद पुलिस ने सराफा दुकानों से टप्पेबाजी करने वाले हरदोई जिले के अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्य पकड़े हैं। आरोपियों के पास से जेवर, नकदी, तमंचा और एक नए मॉडल की बोलेरो कार बरामद की है। गिरोह की मास्टरमाइंड शातिर महिला फरार है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा है। आरोपियों से कानपुर समेत तीन जिलों में हुई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
जहानाबाद थाने के लालूगंज कस्बे में मनोज कुमार की सराफा दुकान से 10 अप्रैल को टप्पेबाजी गिरोह के सदस्यों ने जेवर उड़ाए थे। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि थानाध्यक्ष अनिरुद्ध द्विवेदी की टीम घटना के बाद चौकन्ना थी। गैंग के सदस्य दोबारा एक सराफ को निशाना बनाने आए थे।
पुलिस ने शुक्रवार को गैंग के हरदोई जिला बेनीगंज थाने के नयापुरवा निवासी ऋषि शुक्ला, शिवम दुबे, छुन्ना तिवारी उर्फ उमा तिवारी, मल्लावां थाने के भगवंतनगर निवासी ऊषा व उसके पुत्र शोभित दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने एक साल पहले चांदपुर थाने के अमौली कस्बे में सराफ की दुकान से टप्पेबाजी की थी। इसके अलावा जनवरी माह में कानपुर साढ़ थाना क्षेत्र में सराफ की दुकान से टप्पेबाजी की घटनाएं भी कबूली है।
जहानाबाद क्षेत्र से चोरी किए सोने के दो लॉकेट, चांदी के दो जोड़ी पायल व 7150 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के पास दो तमंचे, कारतूस, तीन एंड्रायड फोन, एक कीपैड मोबाइल, बोलेरो बरामद की गई है। आरोपियों को जहानाबाद स्थित पुष्पा देवी स्कूल के सामने मैदान से पकड़ा है। गैंग की शातिर मास्टरमाइंड शिव पूजन की पत्नी रिंकी शुक्ला फरार है। फरार रिंकी की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हमीरपुर बांदा, बाराबंकी, लखनऊ, सीतापुर, कानपुर फतेहगढ़, उन्नाव, फर्रुखाबाद जिलों में मुकदमे दर्ज हैं।
दो गुटों में बंटकर दुकानदारों को निशाना बनाते
शातिर आरोपी बोलेरो से सराफा दुकानदारों को निशाना बनाने पहुंचते हैं। दुकानों में जाने से पहले दो हिस्सों में आरोपी बंट जाते थे। पहले एक ग्रुप पहुंचकर दुकानदार को उलझा देता था। कुछ देर बाद दूसरे ग्रुप के लोग दुकान में जेवर खरीदने या देखने के बहाने से जेवर चुरा लेते थे। बाकी सदस्य दुकानदार को उलझाए रहते। एक-दूसरे से इशारे के बाद सभी मौके से चले जाते थे।
इनसेट
रिंकी के खिलाफ आठ मुकदमे
फरार रिंकी के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। पहला मुकदमा चोरी व बरामदगी हरदोई बेनीगंज थाने में 2020 में दर्ज हुआ था। बेनीगंज में तीन मुकदमे मारपीट के दर्ज हैं। लखनऊ गोमती नगर में 2021 में दो चोरी व बरामदगी के मुकदमे, फतेहगढ़ के कमालगंज थाने में चोरी, बाराबंकी जिले के सफदरगंज में चोरी, लखनऊ के मड़ियावा में चोरी के दर्ज हैं। आरोपी ऋषि शुक्ला के खिलाफ हरदोई व सीतापुर जिले में मुकदमे हैं। आरोपी शिवम व उसकी मां ऊषा के खिलाफ लखनऊ आलमबाग, शोभित पर उन्नाव के बांगरमऊ, उमा तिवारी के खिलाफ कमालगंज में मुकदमे दर्ज हैं। फरार रिंकी के पति शिवपूजन का भी टप्पेबाजी का अलग गैंग है। वह दूसरे गैंग के साथ घटनाएं करता है।
इनसेट
पुलिस की चुप्पी से धरे गए, आपस में सारे रिश्तेदार
पुलिस सराफ मनोज के साथ हुई घटना को छिपाए रही। पुलिस ने आरोपियों को पहले ही सीसी कैमरे में देख लिया था। घटना की चर्चा न होने से आरोपियों को लगा सब ठीकठाक है। इसी वजह से आरोपी दूसरे सराफ को निशाना बनाने पहुंचे थे। आरोपी ऋषि की रिंकी रिश्ते में भाभी है। शोभित आरोपी ऊषा का बेटा है। ऊषा व उमा बहनें हैं।
इनसेट
अमौली में सराफ से टप्पेबाजी में पुलिस लगा चुकी एफआर
चांदपुर थाने के अमौली कस्बे में एक साल पहले सराफ की दुकान से सोने की कील के डिब्बे व अन्य जेवरातों की टप्पेबाजी हुई थी। घटना में बोलेरो का इस्तेमाल किया गया था। टप्पेबाजी में पकड़ी गईं महिलाएं कैमरे में कैद हुई थीं। अमौली चौकी पुलिस घटना के खुलासे में नाकाम रही और एफआर लगा दी थी। महिलाओं के पकड़े जाने के बाद अमौली चौकी इंचार्ज संदीप तिवारी थाना जहानाबाद पहुंचे। एफआर खुलवाने के लिए आरोपियों के बयान दर्ज किए हैं।