फतेहपुर। वाहनों के तिरपाल फाड़कर सामान चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गैंग के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। घटनाओं में प्रयुक्त लोडर, बाइक व चोरी माल बरामद हुआ है। पुलिस ने दो चोरियों का खुलासा किया है।
पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक विजयशंकर मिश्रा ने बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र हाईवे पर 19 जुलाई की रात हरदोई के ट्रक का तिरपाल काटकर 25 बोरी वॉशिंग पाउडर चोरी किया था। एक दिन पहले 18 जुलाई की रात चोरों ने एक ट्रक का तिरपाल काटकर गुटखा की बोरियां चुराई थी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक कांती सिंह ने टीम के साथ शनिवार को बकेवर थाने के बाबा कुआं के पास से वाहनों से चोरी के छह शातिरों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपी कानपुर नगर के हनुमंत बिहार, गल्ला मंडी निवासी आलोक पांडेय, घाटमपुर मिकीनपुर निवासी सूरज शंखवार, नौबस्ता खाड़ेपुर निवासी अमित गुप्ता, शहर के राधानगर व नौबस्ता अर्रा चौकी पानी टंकी निवासी सूरज कश्यप, जहानाबाद निरखी व खाड़ेपुर गढ़ैया पुरानी बस्ती निवासी अर्पित पाल, हनुमंत विहार थाने के खाड़ेपुर कालोनी दीपांशू द्विवेदी शामिल हैं।
कानपुर जूही थाने के किदवई नगर नयापुरवा निवासी जब्बार फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 293 पैकेट चोरी गुटखा, 120 पैकेट वाॅशिंग पाउडर,1650 रुपये नगद, दो चाकू, घटना में प्रयुक्त पिकअप और एक बाइक बरामद की है। आरोपियों में अमित गुप्ता पर कानपुर अकबरपुर, कानपुर नौबस्ता, कानपुर बर्रा में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
ऐसे करते हैं चोरी
एएसपी ने बताया कि आरोपियों में जब्बार व दीपांशू बाइक से घूमकर मार्गों की रेकी करते हैं। खराब सड़कों पर वाहन धीमी होने पर गैंग के सदस्य वाहनों पर चढ़ जाते हैं। तिरपाल काटकर सामान रोड किनारे फेंकते हैं। आगे गड्ढों पर वाहन के ब्रेक मारते ही उतर जाते हैं। पीछे पिकअप में इनके साथी पहले सड़क किनारे खंती में चोरी माल छिपा देते हैं। सूरज लोडर में माल लादकर चला जाता है। माल इकट्ठा होने पर जब्बार की सेटिंग से माल बेचा जाता है।