संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। नवरात्र में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा के लिए भक्त जोर-शोर तैयारियों में जुटे हुए हैं। रविवार को दुकानों में श्रृद्धालु मां की चुनरी, मूर्ति, नारियल की खरीदारी करते दिखे। नवरात्र में उपवास रखना भी महंगा हो गया है। बढ़ती कीमतों की वजह से फलाहारी परेशान हैं। माता की चुनरी व श्रृंगार के साथ फल, फूल की कीमत में उछाल है। मंगलवार से चैत्र नवरात्र प्रारम्भ होने वाले हैं। जिसके लिए व्रती बाजार में जरूरत का सामान लेने पहुंचे। महंगाई को देखते हुए लोगों ने पूजा के सामान में कटौती कर खरीदारी की। दुकानदार धीरू पटवा बताते है कि इस बार पूजन सामाग्री के अलावा माता की चुनरी व श्रृंगार के सामान में 40 से 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है। जिसकी वजह से लोग कम मात्रा में सामान की खरीदारी कर रहे हैं।
माता की बड़ी चुनरी पहले 130-40 अब 200 रुपये
माता का श्रृंगार का सामान पहले 250 अब 400 रुपये
छोटी चुनरी पहले 50 अब 80 रुपये
धूप-अगरबत्ती, हवन सामाग्री पहले 5 से 10 अब 15 से 20 रुपये
नारियल पहले 25-30 अब 35-40 रुपये
मखाना पहले 600 अब एक हजार रुपये किलो
काजू पहले 650 अब 700 रुपये
किशमिश पहले 250 अब 300 रुपये
सेब 120 अब 150 रुपये
केला 25-30 अब 50 रुपये
अंगूर 70-75 अब 100 रुपये।
दोगुने हो गए दाम
राधानगर निवासी विधान बताते है कि इस बार नवरात्रि में बढ़ी हुई महंगाई की वजह से घर का बजट बिगड़ गया हैं। माता के पूजन सामाग्री में कटौती कर खरीदारी की है। पहले जो समान कम पैसे में मिल जाता था। उसके लिए अब दो गुने दाम देने पड़ रहे है।
महंगाई ने बढ़ाई परेशानी
बिंदकी बड़ा कुआं निवासी मीनू ओमर बताती हैं कि वह नवरात्र में व्रत रखती हैं। फल, मेवा व पूजन सामाग्री के दाम में वृद्धि होने से नौ दिन के व्रत करने में जेब में ज्यादा भार पड़ेगा। ऐसा ही रहा तो आने वाले समय में व्रत रखना मुश्किल हो सकता है।