फतेहपुर। कानपुर में साबरमती एक्सप्रेस के बाद बिल्हौर के एक स्टेशन के पास कालिंदी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने के लिए साजिशकर्ताओं ने पटरी पर गैस सिलिंडर रखा था। जांच में अधिकारियों ने ट्रैक के पास पेट्रोल बम व सुतली के जरिए सिलिंडर को उड़ाने के साथ ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की योजना का खुलासा किया। उसी को देखते हुए मुख्यालय सहित जिले के सभी स्टेशनों की सुरक्षा के साथ ट्रैकों की निगरानी बढ़ा दी गई है। जीआरपी व आरपीएफ के सुरक्षा जवानों को जिले के अंतिम स्टेशन कटोघन व औंग तक दिन में तीन से चार बार स्टेशनों में सघन चेकिंग व पटरी के पास घूम रहे संदिग्धों पर नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया। गैंगमैन की टीम को पटरियों की जांच के लिए दिन के साथ रात में भी जांच करने के कहा गया है। जिला मुख्यालय स्टेशन पर करीब 55 ट्रेनों का अप व डाउन ठहराव होता है। इसमें प्रतिदिन सात से आठ हजार यात्री सफर करते हैं।