धाता (फतेहपुर)। कौशांबी से धाता सवारियां लेकर जा रहा टेंपो सोमवार को अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बीटीसी प्रशिक्षु हैं। सभी को पीएचसी लाया गया। यहां से तीन घायलों को हरदो सीएचसी रेफर कर दिया गया है। हादसा कौशांबी जनपद के गांव उदहिन के पास दोपहर 12 बजे हुआ। सिराथू कस्बे से 12 सवारियां भरकर टेंपो चला था। सामने से आ रहे चार पहिया वाहन से बचने में टेंपो पलट गया। हादसे में धाता थाना क्षेत्र के सरसौली गांव निवासी हुबलाल की बेटी आंती देवी (21), देवरार के छेदीलाल की बेटी उमा देवी (21), हरदगवां गांव निवासी राम चरन की बेटी निर्मला (22), सलेमपुर गांव की सुंदरकली (50) व बेनीपुर गांव के भैरो प्रसाद का बेटा महेंद्र कुमार सिंह (32) को गहरी चोटें आईं। आंती, उमा और निर्मला कौशांबी जिले के अलग-अलग शिक्षण संस्थान से बीटीसी प्रशिक्षु की ट्रेनिंग ले रही हैं। इन सभी को एक निजी वाहन से स्थानीय पीएचसी लाया गया। आरती, उमा और सुंदरकली की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने हरदो सीएचसी भेजा है।