खागा। हरदो स्थित तीन सरकारी नलकूपों को जाने वाले चकरोड पर मकान बन गए हैं और विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। आरोप विभाग के ही नलकूप चालक ने लगाए और इसमें विभाग की उदासीनता को इस कब्जे का मुख्य कारण बताया। प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी गई।
नलकूप चालक शिवकुमार त्रिपाठी ने शिकायत में बताया कि खागा कस्बे के सटे हरदो में कूप संख्या 130 केजी, 34 केजी, 131 केजी के चकरोड पर सड़क की ओर से लोगों ने कब्जा करके भवन बना लिए हैं , लेेकिन नलकूप विभाग ने चुप्पी साध रखी है। इसी तरह से खागा तहसील क्षेत्र में नलकूप विभाग की कई बीघे जमीन कब्जा हो चुकी है, जो कागज पर अंकित है लेकिन जमीन पर वहां आवास बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि किशनपुर के रामपुर गांव में 1990 में ग्राम प्रधान ने दो बीघा जमीन विभाग को पट्टा की थी। जिस पर 75 लाख रुपया निर्माण के लिए आया था लेकिन जमीन पर न तो निर्माण है और न ही जमीन अब विभाग के पास बची है। इसी तरह से 1990 में आशीषपुर में नलकूप चालक के लिए आवास बनाए गए थे जिन पर ग्रामीणों का कब्जा है। इस पर भी विभाग ने मौन धारण कर रखा है। इसी तरह से 13 नलकूप ऐसे हैं, जिनका बोर तो हुआ लेकिन वह आज तक नहीं चले। सहायक अभियंता नलकूप चतुर्थ खंड विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक यह शिकायत संज्ञान में नहीं आई है। जैसे ही शिकायत प्राप्त होती है, मौके पर जाकर जांच कराई जाएगी।