औंग (फतेहपुर)। हिस्ट्रीशीटर का शव शनिवार सुबह मां की साड़ी से फंदे पर लटकता मिला। पिता ने हत्या का संदेह जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उन्नाव जिले के पश्चिम टोला मोहल्ले के मूल निवासी विजय मिश्रा परिवार के साथ करीब तीन दशक से औंग थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव में रहते हैं। उनकी आशापुर डाक बंगले के पास चाय नाश्ते की दुकान है। विजय ने बताया कि इकलौता बेटा सौरभ मिश्रा (28) ट्रक और डीसीएम चालक था।
बताया कि गांव का ही डंपर संचालक शुक्रवार रात कार से दुकान आया था। पहले बेटा उसका डंपर चलाता था। संचालक के साथ चार लोग थे, वे लोग बेटे को कार से कानपुर ले गए थे। उसके बाद आशापुर के पास सुबह एक बंद पड़ी फैक्टरी में लगे नीम के पेड़ पर बेटे का शव पत्नी की साड़ी के फंदे से लटकता मिला।
उसने सुबह डंपर संचालक को फोन मिलाया तो उसने फोन नहीं उठाया। आरोप लगाया कि साजिश के तहत हत्या कर बेटे का शव फंदे पर लटकाया गया है। घटना से मां सरिता देवी बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक जयचंद्र भारती ने बताया कि सौरभ थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। मानसिक तनाव में फंदा लगाकर जान देने की आशंका है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।