खखरेरू। कस्बे के भीमपुर में रविवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। अंतरजनपदीय लुटेरे और इनामी हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी है। आरोपी से एक तमंचा, एक कारतूस, दो खोखे समेत चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे कई थानों में दर्ज हैं।
हकीमपुर खंतवा निवासी आफताब (42) 16 अगस्त की रात भीमपुर स्थित राममनोहर सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सोलर पैनल चोरी के बाद भागने की फिराक में गाड़ी का इंतजार कर रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आफताब के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया। आरोपी के खिलाफ जनपद समेत गैर जनपद के अलग-अलग थानों में 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। रविवार देर रात गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर पास से तीन सोलर पैनल, 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखे, एक कारतूस समेत 17,540 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।