फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर या तो सर्विस लेन बनाई नहीं गई या खस्ताहाल है। ऐसे में बाइक व छोटे वाहन सवार हाईवे से गुजरते हैं और हादसों का शिकार हो जाते हैं। सरकार के निर्देश के बाद भी सेफ रोड पर एक कदम नहीं बढ़ाए गए हैं।
जिले में छिवली नदी से लेकर खागा के अंतिम छोर तक लगभग 80 किमी तक कानपुर-प्रयागराज हाईवे गुजरता है। वर्ष 2021-22 में हाईवे पर सिक्सलेन का निर्माण प्रारंभ हुआ था। हाईवे तो चौड़ा हो गया, लेकिन कई जगहों पर सर्विस लेन का निर्माण नहीं किया गया। कानपुर से सटे जनपद की सीमा पर स्थित छिवली गांव, दुर्गागंज, रानीपुर में सर्विस लेन नहीं बनाई गई है।
छिवली में करीब 25 परिवार, रानीपुर पुल से गढ़ी तक लगभग 200 परिवार हाईवे के किनारे बसे हैं। इसके आगे गोपालंगज से रेवाड़ी तक सर्विस लेन नदारद है। इसी तरह मलवां कस्बे के आगे सर्विस लेन नहीं है। ब्लैक स्पॉट कैंची मोड़ पर भी सर्विस लेन नहीं है। औंग थाने के पास सर्विस लेन नहीं है। जहां सर्विस लेन है, वहां खस्ताहाल है। मजबूरी में राहगीर हाईवे का प्रयोग करते हैं।
-
पढ़ाई के लिए नउवाबाग पाॅलिटेक्निक आना-जाना होता है। वीरवार को कॉलेज जाने के लिए कोराई मोड़ के सर्विस लेन से गुजरे। लेन इतना खराब है कि कई बार बाइक साहित गिरते-गिरते बचे। - रितिक ओमर, बिंदकी निवासी
-
गांव से जिला मुख्यालय रोज ही आवागमन होता है। दुर्घटना से बचने के लिए अधिकतर लोग सर्विस रोड का प्रयोग करते हैं। सर्विस रोड जर्जर होने से गलत दिशा में गाड़ी चलाकर गांव पहुंचते हैं। हादसे का डर बना रहता है।
- प्रभात शुक्ला, भदबा निवासी
सेफ रोड का काम अटका
सरकार ने सड़क हदासों पर गंभीरता बरतते हुए सेफ रोड की परिकल्पना पर काम करने का निर्देश दिया है। जिले के एक एनएचएआई व एक स्टेट हाईवे को सेफ मॉडल रोड बनाना है। इस दिशा में जिला स्तर पर बैठक हो चुकी है। स्टेट हाईवे पर सेफ रोड बनाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई की है। इस ओर जमीनी स्तर पर काम नहीं हुआ है।
सितंबर-अक्तूबर में एनएचएआई पर हुए हादसे
- पांच सिंतबर- औंग हाईवे के किनारे खड़ी पिकअप से एंबुलेंस टकरा गई, चालक घायल।
- 10 सितंबर - औंग गोधरौली के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से जनरथ बस टकरा गई। दो की मौत।
- 27 सितंबर-चौडगरा हाईवे पर खड़े ट्रक में ट्रक टकरा गया। ट्रक चालक सुधीर घायल।
- 18 अक्तूबर चौडगरा ओवरब्रिज पर ट्रेलर व ट्रैक्टर की भिड़ंत। ट्रैक्टर चालक की मौत।
- 16 अक्तूबर को बड़ौरी टोल प्लाजा के पास कार सवार ट्रेलर से टकराए। तीन की मौत
- 15 अक्तूबर को हाईवे पर अचानक ट्रक के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही बस टकरा गई। 25 यात्री घायल।
- पांच अक्तूबर- खागा कोतवाली महिचा मंदिर हाईवे के किनारे खड़े वाहन से बाइक सवार टकरा गए। एक की मौत।
सर्विस मार्ग जर्जर होना संज्ञान में है। जल्द ही जर्जर मरम्मत कराई जाएगी।
-अमन रोहिल्ला, पीडी, एनएचएआई