खागा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बकरी लदी पिकअप पलट गया। इससे दो बकरियों की मौके पर मौत हो गई। 10 बकरियां घायल हैं।
शहर से बकरियां लादकर ओडिशा जा रही पिकअप दोपहर करीब साढ़े 12 बजे खराब हो गई। चालक औकी अहमद सहयोगी के साथ वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर मैकेनिक का इंतजार करने लगा। तभी प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे पिकअप हाईवे पर पलट गई। कुछ बकरियां ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं। हादसे के दौरान फतेहपुर से प्रयागराज जा रही एक बलेनो कार भी अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप से टकरा गई। इससे चालक और कार सवार बाल-बाल बच गए। महिचा चौकी पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया। हादसे के चलते करीब 30 मिनट तक हाईवे की एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा।