- जिले में डेढ़ महीने से नहीं है कोरोना वैक्सीन का स्टाक संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव की लड़ाई में स्वास्थ्य विभाग निहत्था है। डेढ़ महीने से जिले में एक डोज भी वैक्सीन नहीं है। सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन सैकड़ों लोग वैक्सीन लगवाने पहुंच रहें हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन के जरूरतमंदों को प्रयागराज, लखनऊ या फिर कानपुर की राह दिखा रहा है।
जिले में अभी तक 11 साल के नीचे के किसी भी बच्चे को वैक्सीन नहीं लगी। 31 लाख की आबादी वाले जनपद में अभी तक सिर्फ 12 प्रतिशत बूस्टर डोज लगे हैं। वैक्सीन लगवाए खासा समय बीत चुका है, ऐसे में वैक्सीन का असर भी लोगों पर कमजोर पडना स्वाभाविक है। प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ना शुरू है, जिले में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या दो पहुंच चुकी है। हर व्यक्ति बूस्टर डोज लगवाने के लिए अस्पतालों का चक्कर लगा रहा है, लेकिन जिले के किसी भी सरकारी या प्राइवेट अस्पताल में वैक्सीन का स्टाक नहीं है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग खासा परेशान है।
वैक्सीनेशन नोडल प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेश चंद्र का कहना है कि जिले में क्या प्रदेश में डेढ़ महीने से वैक्सीन का स्टाक समाप्त है। जबतक प्रदेश में वैक्सीन नहीं आएगी, तबतक जिलों को मिलना असंभव है। फिलहाल वैक्सीन की स्थिति के विषय में कुछ कहा नहीं जा सकता है।
................................
टीकाकरण की स्थिति:-
जिले की कुल आबादी-30,97,308
60 साल से अधिक आयु वालों का टीकाकरण-शत प्रतिशत
18 से 44 साल वालों का टीकारणशत प्रतिशत
15 से 17 साल वालों का टीकाकरण-शत प्रतिशत
12 से 14 साल वालों का टीकाकरण95 प्रतिशत
11 साल तक का टीकारण-शून्य
बूस्टर डोज सिर्फ 12 प्रतिशत
.............................
कोरोना की अपडेट रिपोर्ट:
कुल लिए गए सैंपल 593593
कुल प्राप्त रिपोर्ट 593453
आज कुल प्राप्त रिपोर्ट 154
कुल कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट 8803
कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 02
अब तक कोविड-19 हास्पिटल से डिस्चार्ज 3562