फोटो-06- मेडिकल कॉलेज। संवाद
- प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल शिलान्यास
- दो साल में बनकर होगा तैयार, मिलेंगी बेहतर चिकित्सीय सुविधा
फतेहपुर/अल्लीपुर। जिलेवासियों को सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) की सुविधा जल्द मिलेगी। इसका प्रधानमंत्री 25 फरवरी को वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। जिले में सजीव प्रसारण होगा। इसमें जिले की केंद्रीय राज्य मंत्री समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
अल्लीपुर नेशनल हाईवे स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में 50 बेड का सीसीयू ब्लाक 16 करोड़ रुपये से तैयार होगा। ये दो साल में बनकर तैयार होगा। सीसीयू ब्लॉक में अति गंभीर मरीजों का इलाज होगा। ब्लॉक का भवन पांच मंजिला होगा। ब्लॉक में दो माइनर व दो मेजर ऑपरेशन थिएटर होंगे। वहीं इस ब्लॉक में आईसीयू, एनआईसीयू ब्लॉक भी होंगे। हर ब्लॉक में पोर्टेबल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य मशीनें होंगी, जो भर्ती मरीज के बेड पर ही जांच करेंगी। इसे देखते हुए कुछ दिनों पहले डीएम सी. इंदुमती ने मेडिकल कालेज का निरीक्षण करके जायजा लिया था। कार्यक्रम को लेकर मेडिकल कॉलेज में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में जिले की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति, विधायक जयकुमार जैकी, जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
कोट्स
क्रिटिकल केयर यूनिट का वर्चुअल शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। इस मौके पर सजीव प्रसारण यहां देखा जाएगा। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय तौर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आरपी सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज