फतेहपुर। भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री और विधायक रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी में पूर्व राज्यमंत्री गोली मारने वाले को 50 लाख रुपये, फॉर्च्यूनर कार और 10 बीघा खेत देने का वादा किया गया है। यह पोस्ट धर्मवीर सिंह नाम की फेसबुक अकाउंट से किया गया है। हथगाम भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू ने पुलिस को तहरीर दी है। गणेशी लाल साहू ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर धमकी दी गई है और धुन्नी सिंह की प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास हुआ है। उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। इस मामले में विधायक रणवेंद्र प्रताप ने बताया कि वह इस नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानते है। पुलिस कार्रवाई का इंतजार है। सीओ दुर्गेशदीप ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।