फतेहपुर। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ला निवासी शिवशंकर शर्मा की पुत्री कविता की शादी नौ मई 2018 को बेरुईहार निवासी प्रेमचंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति प्रेमचंद्र, सास सुमित्रा देवी, जेठ रामचंद्र, देवर महेंद्र कुमार, जेठानी कमलेश कुमारी, ननद ऊषा देवी दहेज में कार की मांग करने लगे। कार की मांग को लेकर गालीगलौज और मारपीट करने तक आमादा हो गए।
गर्भवती होने पर भी जान से मारने की धमकी देने लगे। कविता मायके आ गई। उसे 15 मार्च 2019 को बेटा हुआ। इसके बाद पति घर ले गए। कार की मांग को लेकर 20 दिसंबर 2022 की शाम उसे पीटकर बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। कई बार मां और पिता ने समझौते का प्रयास भी किया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।