फतेहपुर। शहर में लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण यहां की सूरत बिगाड़ रहा है। आलम यह है कि फुटपाथ लगभग गायब हो चुके हैं और कब्जा सड़कों तक पहुंच रहा है। अस्थाई दुकानें लगने के साथ वाहनों की पार्किंग भी सड़क की चौड़ाई कम कर रही है। प्रत्येक प्रमुख चौराहों के फुटपाथों में सौ मीटर के दायरे में करीब डेढ़ सौ गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इस रास्ते से नगर पालिका समेत प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन जाम से निजात नहीं मिल रही है।
शहर के प्रमुख आईटीआई रोड, पत्थरकटा चौराहा, राधानगर, ज्वालागंज, वर्मा चौराहा, रेलवे स्टेशन रोड पर अवैध कब्जा रहता है। लोधीगंज से हाईवे की दूरी करीब पांच सौ मीटर है। यहां से लखनऊ, प्रयागराज, रायबरेली, कानपुर जाने का प्रमुख रास्ता है। यहां दुकानों के बाहर सामान फैला होने के साथ-साथ वाहनों की पार्किंग भी की जाती है। इससे कई बार जाम लग जाता है। शहर के पक्का तालाब, चौक बाजार, बाकरगंज स्थित सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर चाट, पकौड़ी, फल, जूस समेत अन्य दुकानें कब्जा कर लेतीं हैं, वहीं डग्गामार के कब्जे से रोड बेहद संकरी हो जाती है।